Type Here to Get Search Results !

जनगणना 2027: पहले दिन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने किया स्व-गणना का ऑनलाइन पंजीकरण

जनगणना 2027: पहले दिन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने किया स्व-गणना का ऑनलाइन पंजीकरण 



जिलेवासियों से की सहभागिता की अपील

गुना 

जिले में आगामी जनगणना 2027 की प्रक्रिया प्रारंभ होने से पहले आज प्रथम दिन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन ने अपने निवास पर स्व-गणना (Self-Enumeration) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रारंभिक पंजीकरण कर एक सकारात्मक पहल की। उन्होंने स्वयं स्व-गणना कर नागरिकों को डिजिटल माध्यम से इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्व-गणना का फॉर्म स्वयं भरें और जब जनगणना दल उनके घर पहुंचे, तब आवश्यक जानकारियां अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य सुगम और सटीक रूप से पूर्ण हो सके।

स्व-गणना की अवधि

मध्य प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जा रही है।

क्या है स्व-गणना

स्व-गणना एक डिजिटल सुविधा है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने परिवार एवं मकान से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रगणक (Enumerator) के घर आने पर समय की बचत होती है और प्रक्रिया अधिक सरल बनती है।

कैसे करें स्व-गणना

नागरिक निम्नलिखित आसान चरणों के माध्यम से स्व-गणना कर सकते हैं:

पंजीकरण: आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें, OTP के माध्यम से लॉग-इन करें। 

विवरण भरें: राज्य, जिला एवं पते का चयन करें। 

मकान व परिवार की जानकारी: मकान की स्थिति, सुविधाएं (बिजली, पानी, शौचालय) दूरसंचार, वाहन संबंधी से जुड़े लगभग 33 प्रश्नों के उत्तर दें। 

सबमिशन: फॉर्म जमा करने के बाद एक SE ID प्राप्त होगी। 

सत्यापन: जनगणना कर्मचारी के आने पर केवल SE ID दिखाकर प्रक्रिया पूर्ण करें। 

पूरी प्रक्रिया में लगभग 15-20 मिनट का समय लगता है।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का उपयोग करें, जिससे जनगणना कार्य तेज, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.