ग्राम जोहरी-बरोदिया में आयोजित ग्राम चौपाल में पराली न जलाने का दिया गया संदेश
गुना
ग्राम पंचायत जोहरी, बरोदिया में किसानों को जागरूक करने हेतु एक प्रभावी ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किसानों को फसलों की पराली (नरवाई) न जलाने के लिए समझाइश दी गई तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
चौपाल में उपस्थित अधिकारियों ने किसानों को बताया कि पराली जलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। इसके विकल्प के रूप में किसानों को नरवाई से भूसा बनाने की तकनीक के बारे में अवगत कराया गया, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो सकता है।
कार्यक्रम में तहसीलदार बमोरी श्री देवदत्त गोलिया एवं उप संचालक कृषि श्री संजीव शर्मा सहित ग्राम सरपंच, पटवारी, ग्राम एईओ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर किसानों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और पराली जलाने की प्रथा को समाप्त करें। ग्राम चौपाल के माध्यम से किसानों में जागरूकता बढ़ाने का यह प्रयास सराहनीय रहा, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
