Type Here to Get Search Results !

राघौगढ़ थाना पुलिस की सशक्त कार्यवाही

 राघौगढ़ थाना पुलिस की सशक्त कार्यवाही



*गुजरात के व्यापारी के करीब 10 लाख के सूटकेश गायब कर अमानत में खयानत करने वाले ट्रक चालक को महज 24 घंटे में किया गिरफ्तार*


*आरोपी से करीब 22 लाख कीमत का मशरूका किया जप्त*


          गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी एवं संपत्ति संबंधी अन्य अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट एवं उनकी टीम द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की गई है, जिसमें गुजरात के व्‍यापारी के करीब 07 लाख कीमत के सूटकेश गायब कर अमानत में खयानत करने वाले आरोपी ट्रक चालक को महज 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर करीब 07 लाख कीमत के सूटकेश एवं ट्रक जप्त किया गया है । 


               उल्लेखनीय है कि फरियादी शैलेश पटेल निवासी गांधीनगर (गुजरात) द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 को राघौगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके द्वारा दिनांक 18 अप्रैल 2026 को उज्जैन के नरवर से ट्रक क्रमांक GJ38 T 0265 में 51 कार्टून (153 नग) सूटकेश, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये थी, अहमदाबाद भिजवाए थे । निर्धारित समय पर माल नहीं पहुंचने पर ट्रक चालक चैतन्य प्रकाश से संपर्क किया गया, जिसने स्वयं को राघौगढ़ में होना बताया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया । इस पर थाना राघौगढ़ में अपराध क्रमांक 87/26, धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई ।


               प्रकरण की गंभीरता से लेकर राघौगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की । पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम रहा कि महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपी ट्रक चालक चैतन्य प्रकाश पुत्र गमनाराम नायक, निवासी लाबिया जिला पाली (राजस्थान) को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया गया । जांच के दौरान ट्रक से 38 कार्टून में 111 सूटकेश बरामद हुए एवं शेष सूटकेश आरोपी द्वारा बेच देना स्वीकार किया गया । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 07 लाख रुपये कीमत के सूटकेश एवं करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक सहित कुल 22 लाख रुपये का मशरूका जप्त कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई ।


               राघौगढ़ थाना पुलिस की इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, उपनिरीक्षक सहदेव तिर्की, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र शर्मा, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक बलभद्र चौहान, आरक्षक धर्मेंद्र रावत, आरक्षक पपेंद्र रावत एवं आरक्षक अनुज रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।


               राघौगढ़ थाना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही ने न केवल एक गंभीर अपराध का शीघ्र खुलासा किया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि गुना पुलिस आमजन की संपत्ति की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं सजग है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.