हनुमान जन्मोत्सव पर टेकरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासनिक समन्वय से सफल रहा आयोजन
गुना
टेकरी मंदिर पर आयोजित हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष भव्यता, आस्था और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हुआ। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे जिले के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शुमार कर दिया। भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन, पुलिस एवं जनसहभागिता के समन्वय से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आयोजन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, मंदिर ट्रस्ट, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन जहां एक ओर हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करते हैं। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में छोटे व्यापारियों द्वारा दुकानें लगाते है, जिससे उन्हें रोजगार और आय के अवसर प्राप्त होते हैं।
प्रशासन द्वारा पूर्व से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए गए, जिसके चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
आयोजन के उपरांत कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसके चलते सफाई अमले द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगभग 6 ट्रॉली एवं 8 छोटे कचरा वाहनों के माध्यम से कचरे का समुचित निस्तारण किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र पुनः स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर कचरा न रहे तथा धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
