ऑनलाइन सट्टा संचालित करने का आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के आरोपी को थाना छावनी पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ गतिविधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना छावनी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी इरफान पाशा द्वारा Guru 777 नामक ऑनलाइन सट्टा एप के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा बैकुंठ धाम वाटिका गेट के सामने कैम्प-2 भिलाई में घेराबंदी कर कार्यवाही की गई। विधिवत गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार कार्यवाही करते हुये संदिग्ध क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 04 एमए 1235 की तलाशी ली गई , जिसमें आरोपी को रंगे हाथ ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना छावनी पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना छावनी पुलिस स्टॉफ की त्वरित सूचना संकलन , घेराबंदी एवं प्रभावी कार्यवाही में सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी -
इरफान पाशा उम्र 35 वर्ष निवासी - खुर्सीपार भिलाई , जिला - दुर्ग ( छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
एक क्रेटा कार कीमत लगभग 300000 रूपये , एक Dell Inspiron-7405 लैपटॉप कीमत लगभग 20000 रूपये , एक iPhone 16 Pro Max मोबाइल कीमत लगभग 70,000 रूपये , एक स्मार्ट मोबाइल कीमत लगभग 80,000 रूपये।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन सट्टा , जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध सट्टा संचालन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
