जनसुनवाई में सुनी गयी आमजनों की समस्याएँ, अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
आवेदकों द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित 181 आवेदन किये गये प्रस्तुत
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। आज विभिन्न आवेदकों ने जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य और नामांतरण के आवेदन प्रस्तुत किये गये, जिनके निराकरण के निर्देश दिये गये। आज इस दौरान लगभग 181 आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किये गये।
02 आवेदकों को प्रदान किये आर्थिक सहायता राशि के चेक
आज जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा आर्थिक सहायता राशि से संबंधित चेक संबंधित आवेदकों को प्रदान किये। आवेदक सरनाम पुत्र स्व.श्री भवूत सिंह निवासी ग्राम हिनोतिया गिर्द को उनके इलाज के लिए 10 हजार रूपये तथा आवेदक संजय प्रजापति निवासी ग्राम गादेर तहसील चांचौड़ा को उनके आवेदन पर विचार कर 05 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं, आधार कार्ड का नागरिकों ने लिया लाभ
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा अधिक से अधिक लोगों को आधार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो इसके लिए विशेष प्रबंध के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में जनसुनवाई में नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70+ आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईव्ही की जांच सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गई, जिनका बड़ी संख्या में आवेदकों द्वारा लाभ लिया गया। आज जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषक दुबे, संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।
