सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे ने सकतपुर ग्राम पंचायत में किया कार्यों का निरीक्षण
गुना
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे द्वारा आज जिले के गुना ब्लॉक अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सकतपुर में जल निगम और पीएचई विभाग के कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने नल-जल योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को अवगत कराया गया कि जल निगम द्वारा पीएचई की पाइपलाइन का कनेक्शन प्रदान कर दिया गया है। सकतपुर के बल्क विलेज होने के कारण गांव के अंदरूनी कार्य पंचायत द्वारा संपादित किए जाने हैं। इस संबंध में उन्होंने पंचायत एवं पी.एच.ई. के उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि गांव में किए जाने वाले समस्त कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन (रिपोर्ट) तैयार करें, ताकि पंचायत द्वारा शीघ्रता से कार्य प्रारंभ कर उन्हें पूर्ण कराया जा सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने पंचायत में सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीँ ग्राम में अवैध कनेक्शन करने वालों पर चालानी कार्यवाही करने तथा नल-जल योजना का लाभ लेने वाले ग्रामीणों से जलकर लेने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने पंचायत में पूर्व से निर्मित पानी की टंकी को भरने की व्यवस्था करने हेतु भी निर्देश दिए। इस दौरान जीएम जल निगम श्रीमती साक्षी परिहार द्वारा डीपीआर प्रस्तुत नहीं करने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त की गई। वहीँ पंचायत भवन का कार्य पूर्ण नहीं होने पर भी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने पंचायत भवन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान श्रीमती साक्षी परिहार जीएम जल निगम गुना, सुश्री दीपा तोमर एसडीओ आरईएस गुना, श्री धर्मेन्द्र अहिरवार एसडीओ पीएचई गुना, श्री धर्मराज भूरिया उपयंत्री, श्री नितेश मंगल उपयंत्री एवं संबंधित पंचायत अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
