ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुधार हेतु शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान तैयार करने के निर्देश
रात्रिकालीन आवागमन में राहत, अतिरिक्त समय भी दिया गया
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्टरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टरों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि व्यवस्था सुधार के लिए दो स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है—एक शॉर्ट टर्म प्लान, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जा सके, तथा दूसरा लॉन्ग टर्म प्लान, जिसके तहत स्थायी समाधान विकसित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रांसपोर्टरों की टीम, एसडीएम, ट्रैफिक, तहसीलदार, सीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर पूर्व एवं वर्तमान ड्रोन वीडियो के आधार पर विस्तृत प्लान तैयार किया जाए। प्रयास यह रहे कि सड़क के दोनों ओर कम से कम 2-2 मीटर चौड़ीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
प्रारंभिक तौर पर सुझाव दिया गया कि सड़क के दोनों ओर सफाई एवं अतिक्रमण हटाने से पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकता है। इस पर सहमति बनाते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ट्रांसपोर्टरों की मांग पर कलेक्टर द्वारा रात्रि 10:00 बजे से सुबह 6:30 बजे तक आवागमन की अनुमति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त सोमवार को दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक 2 घंटे का अतिरिक्त समय भी स्वीकृत किया गया है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्तृत सर्वेक्षण के उपरांत सड़क चौड़ीकरण एवं यातायात सुधार के लिए दीर्घकालिक उपाय शीघ्र प्रस्तावित किए जाएं, ताकि ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुचारू एवं सुरक्षित बन सके।
