आरोन थाना पुलिस ने भरण-पोषण के दो वारंटों में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटी किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न प्रकरणों में फरार आरोपियों, वारंटियों एवं इनामी बदमाशों आदि की धरपकड़ हेतु एक अभियान के रूप में निरंतर सक्रिय, सतर्क एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आरोन थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार और उनकी टीम द्वारा माननीय कुटुम्ब न्यायालय गुना से जारी भरण-पोषण के दो प्रकरणों में फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि आरोपी जगदीश पुत्र चंपालाल सिलावट निवासी वरवटपुरा आरोन के विरूद्ध उसकी पत्नि की ओर से माननीय कुटुम्ब न्यायालय गुना में भरण-पोषण हेतु प्रकरण दाखिल कराया था, जिसमें माननीय न्यायालय गुना द्वारा जगदीश सिलावट को अपनी पत्नि के लिये भरण-पोषण हेतु राशि निर्धारित की गई थी, लेकिन जगदीश सिलावट की ओर से भरण पोषण की राशि अदा नहीं किये जाने पर भरण पोषण की राशि आदायगी हेतु माननीय कुटुम्ब न्यायालय गुना से न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 273/23 एवं 204/24 में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु दिनांक 27 दिसंबर 2025 को स्थाई वारंट जारी किये गये थे । आरोन थाना पुलिस द्वारा वारंटी जगदीश सिलावट की निरंतर तलाश की गई और जिसकी तलाश के क्रम में आज दिनांक 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही कर भरण-पोषण के उक्त प्रकरण में फरार चल रहे स्थाई वारंटी जगदीश पुत्र चंपालाल सिलावट उम्र 42 साल निवासी वरवटपुरा आरोन को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया ।
आरोन थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक पंकज कुशवाह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र गुर्जर, प्रधान आरक्षक रामकुमार, आरक्षक सचिन एवं आरक्षक वृत कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही है ।
