Type Here to Get Search Results !

केदारनाथ धाम एवं चाकरी-छिकारी प्लांटेशन विषयों पर कलेक्टर की समीक्षा बैठक

 केदारनाथ धाम एवं चाकरी-छिकारी प्लांटेशन विषयों पर कलेक्टर की समीक्षा बैठक

वैज्ञानिक पद्धति से समाधान व पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर



गुना 


 कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में केदारनाथ धाम एवं चाकरी-छिकारी क्षेत्र में प्लांटेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


कलेक्टर श्री कन्याल ने केदारनाथ धाम से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर कहा कि उनका स्थायी निराकरण वैज्ञानिक पद्धति से ही संभव है। इसके लिए विशेषज्ञ समिति द्वारा वैज्ञानिक आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर जो सर्वोत्तम विकल्प सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


चाकरी-छिकारी प्लांटेशन के संबंध में कलेक्टर ने स्थानीय नागरिकों को समझाइश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन विभाग द्वारा किए जा रहे पौधारोपण कार्यों में सभी पक्षों को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में तकनीक इतनी उन्नत हो चुकी है कि सैटेलाइट के माध्यम से भी पेड़ों की कटाई की निगरानी संभव है, इसलिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से बचें।


कलेक्टर ने सभी को आपसी विवाद से दूर रहकर शांति एवं सहयोग की भावना से कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े अनावश्यक विवादों से बचें और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें।


युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जो विद्यार्थी पढ़ाई करना चाहते हैं, वे आगे आएं। प्रशासन द्वारा कोचिंग एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। साथ ही शारीरिक रूप से सक्षम युवाओं को विशेष पुलिस प्रशिक्षण प्रदान कर आगामी पुलिस भर्ती के लिए तैयार किया जा सकता है।


कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट किया कि पौधारोपण एवं वृक्षों का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से समन्वय, सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र  सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्य्क्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, वनमण्डलाधिकारी श्री अक्षय राठौर, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ‍ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, एसडीएम श्रीमति शिवानी पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.