*ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिगों की दस्तयाबी में गुना पुलिस की सतत् कार्यवाही*
गुना शहर से करीब 05 साल से लापता नाबालिग बालिका को राजस्थान के जयपुर से सुरक्षित खोज निकाला
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त, संवेदनशील एवं मानवीय नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान संचालित किया जा रहा है । अभियान के तहत गुना पुलिस द्वारा नाबालिगों के अपहरण अथवा गुमशुदगी के प्रकरणों को गंभीरता से लेकर जिनकी तलाश में तत्परता, सतर्कता और प्रभावी कार्यवाही कर नाबालिगों को आए दिन दूर दराज से खोज निकालकर उनके परिजनों से मिलाया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में सीएसपी गुना श्रीमति प्रियंका मिश्रा और उनकी टीम द्वारा शहर से करीब 05 साल से लापता एक नाबालिग बालिका को राजस्थान के जयपुर से सुरक्षित खोज निकालने में उल्लेखनीय कामयाबी हासिल की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 08 जनवरी 2021 को गुना कोतवाली क्षेत्र से 15 वर्षीय एक नाबालिग बालिका के घर पर किसी को बिना कुछ बताए कहीं चाले जाने पर बालिका के पिता की ओर से गुना कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/21 धारा 363 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश प्रारंभ की गई । प्रकरण के काफी लंबे समय से लंबित होने पर इसकी विवेचना सीएसपी गुना के द्वारा की जा रही थी ।
मुस्कान अभियान के दौरान पुलिस ने अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिगों की खोज में अपनी कार्यवाहियों में और तेजी लाई गई है । साथ ही इस हेतु अपना मुखबिर जाल बिछाया गया है एवं इसमें विभिन्न तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपहृत नाबालिगों के संबंध में सतत् विश्लेषण किया जा रहा है इसके अलावा संभावित स्थानों और व्यक्तियों से अपहृत नाबालिगों के संबंध में जानकारी संकलित करने के लगातार प्रयास किये जा रहे हैं । इसमें पुलिस के तकनीकी विश्लेषण, सतत् सूचना संकलन और मुखिबर तंत्र के सक्रिय उपयोग के फलस्वरूप उपरोक्त प्रकरण में अपहृता के राजस्थान के जयपुर में होने की अहम जानकारी मिलने पर सीएसपी कार्यालय से पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में करीब 05 साल से लापता किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया एवं एवं जिसकी विधिवत सुपुर्दगी की कार्यवाही कराई गई ।
पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, सीएसपी कार्यालय से सउनि जनक कुमार शर्मा, सउनि गिर्राज शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रवीण रघुवंशी व महिला आरक्षक सुस्मिता रघुवंशी एवं कोतवाली से महिला आरक्षक रश्मि सेन की सराहनीय भूमिका रही है ।
