गुना कोतवाली थानांतर्गत युवति द्वारा आत्महत्या के मामले में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*आत्महत्या लिए दुष्प्रेरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी सिलसिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत फरवरी माह में एक युवति के द्वारा आत्महत्या के मामले में सक्रियता से कार्यवाही करते हुए आत्महत्या हेतु दुष्प्रेरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 04 फरवरी 2026 को मृतिका रिया रघुवंशी उम्र 23 साल निवासी राधा कॉलोनी गुना के द्वारा अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की गई थी, जिस पर से गुना कोतवाली में मर्ग कायम कर जांच की गई । मर्ग जांच में पाया गया कि मृतिका की आकाश रघुवंशी निवासी पटेलनगर केंट गुना से दोस्ती थी और उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन आकाश ने उससे शादी करने से मना कर दिया था । इसी बात से आहत होकर मृतिका द्वारा आत्म हत्या की गई थी । प्रकरण की संपूर्ण जांच उपरांत दिनांक 29 अप्रैल 2026 को आरोपी आकाश रघुवंशी के विरूद्ध गुना कोतवाली में अप.क्र. 201/26 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस द्वारा आरोपी की सरगर्मी से तलाश की गई और मात्र 02 घंटे के भीतर ही दिनांक 29 अप्रैल 2026 को आरोपी आकाश पुत्र रविन्द्र सिंह रघुवंशी उम्र 29 साल निवासी ग्राम बहगमा थाना इंदार जिला शिवपुरी हाल पटेलनगर केंट गुना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक चंचल तिवारी, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा एवं आरक्षक मनोज रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
