Type Here to Get Search Results !

गुना पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से महिला का कीमती सामान सहित गुम बैग सुरक्षित वापस मिला

 गुना पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से महिला का कीमती सामान सहित गुम बैग सुरक्षित वापस मिला


*सीसीटीवी कैमरों की सहायता से लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य का सामान फरियादिया को बापास दिलाया*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं उनकी सहायता हेतु निरंतर संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 10 मई 2026 को एक महिला द्वारा गुना पुलिस सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर प्रभारी अधिकारी निरीक्षक विकास उपाध्याय को सूचना दी गई कि वह ग्राम गढ़ा से ऑटो में बैठकर गुना के जयस्तम्भ चौराहा पर उतरी थी । उतरते समय जल्दबाजी में उसका बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसमें कपड़ों के साथ सोने की एक अंगूठी, चांदी की एक अंगूठी, एक जोड़ी पायल एवं एक जोड़ी बिछुड़ी सहित लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान रखा हुआ था । 


           अपना कीमती सामान गुम हो जाने से महिला काफी घबराई हुई थी । इस पर निरीक्षक विकास उपाध्याय द्वारा महिला को ढांढस बंधाते हुए उसके गुम बैग को तलाशने में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया तथा तत्काल स्टॉफ को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । 


           पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए फरियादिया द्वारा बताए गए मार्ग एवं क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया गया । तकनीकी सहायता एवं सतत प्रयासों के माध्यम से पुलिस टीम द्वारा संबंधित ऑटो को शीघ्र चिन्हित कर लिया गया । तत्पश्चात ऑटो चालक से संपर्क स्थापित कर उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया एवं विधिवत सत्यापन उपरांत फरियादिया का खोया हुआ बैग संपूर्ण जेवरात एवं कपड़ों सहित सुरक्षित वापस दिलाया गया । 


           अपना कीमती सामान सकुशल वापस मिलने पर फरियादिया द्वारा गुना पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं सहयोगपूर्ण कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया गया । 


           गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनहित में कार्यरत है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.