महायज्ञ की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दिए निर्देश
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने राघौगढ़ विकासखंड के ग्राम भैंसाना स्थित आश्रम परिसर में आयोजित महायज्ञ की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में दर्शन कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने भीड़ प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था, यातायात संचालन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वालंटियर की उपलब्धता तथा प्रभावी बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस अवसर पर राघौगढ़ एसडीएम श्री अमित सोनी, एसडीओपी श्रीमती दीपा डूडवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीएम श्री अमित सोनी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण एवं रिपेयर कार्य कराया गया है। साथ ही साड़ा ब्रिज क्षेत्र में यातायात सुगम बनाए रखने हेतु हाथठेलों को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल व्यवस्था के साथ 25 पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त 2 फायर ब्रिगेड, बैरिकेडिंग, पुलिस कंट्रोल रूम, 24x7 एम्बुलेंस एवं मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि भोजशाला क्षेत्र में अग्निशमन सुरक्षा के दृष्टिगत पानी के ड्रम एवं फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। लगभग 1500 स्वयंसेवकों के साथ राजस्व, पंचायत, विद्युत एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन द्वारा महायज्ञ के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा गई हैं।
