Type Here to Get Search Results !

जनगणना कार्य में लापरवाही पर शिक्षक निलंबित

 जनगणना कार्य में लापरवाही पर शिक्षक निलंबित


गुना, 

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरते जाने पर माध्यमिक शिक्षक श्री नीरज कुमार जाटव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जारी आदेशानुसार जनगणना निदेशालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस कार्य हेतु माध्यमिक विद्यालय पिपरिया जागीर में पदस्थ शिक्षक श्री नीरज कुमार जाटव को नगर परिषद आरोन के वार्ड क्रमांक-09 में HLB-26 का प्रगणक नियुक्त किया गया था।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी नगर परिषद आरोन द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि नियुक्ति पत्र एवं आईडी कार्ड प्राप्त करने के बाद भी संबंधित कर्मचारी द्वारा आवंटित क्षेत्र में कार्य नहीं किया गया। प्रतिवेदन के अनुसार पर्यवेक्षक एवं निकाय कर्मचारियों द्वारा लगातार संपर्क करने के बावजूद संबंधित कर्मचारी कार्य के प्रति गंभीर नहीं रहे तथा केवल दो मकानों का सूचीकरण किया गया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद पाया गया, जिससे निर्धारित क्षेत्र में मकान सूचीकरण कार्य प्रभावित हुआ।

कलेक्टर श्री कन्याल ने उक्त कृत्य को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में श्री जाटव का मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय आरोन निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.