Type Here to Get Search Results !

राघौगढ़ नगर पालिका में पेयजल एवं जलप्रदाय व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

 राघौगढ़ नगर पालिका में पेयजल एवं जलप्रदाय व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा



गुना, 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज राघौगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल एवं जलप्रदाय व्यवस्थाओं के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रीष्मकाल के दौरान नागरिकों को सुचारु एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने नगर पालिका क्षेत्र में वर्तमान पेयजल व्यवस्था, जल वितरण, जल स्रोतों की स्थिति, टैंकर व्यवस्था तथा जलापूर्ति संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को निर्धारित समय पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा जलप्रदाय व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल आपूर्ति शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति निर्मित हो रही है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए।


बैठक में जल वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, खराब हैंडपंपों एवं पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत, मोटर पंपों के सुचारु संचालन तथा जल स्रोतों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों से कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा भी विभिन्न वार्डों की पेयजल समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.