गुना नगर में सीएनजी फिलिंग स्टेशन का कलेक्टर श्री कन्याल ने किया शुभारंभ
शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी
Guna-
शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुलभ ईंधन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा रिलायंस मॉल के पास, एबी रोड स्थित कमला पेट्रोल पंप पर सीएनजी फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया। शहर के मध्य क्षेत्र में सीएनजी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए निरंतर प्रयास किए। लगभग छह माह की सतत प्रक्रिया एवं समन्वय के बाद यह सुविधा नगरवासियों को प्राप्त हो सकी है।
शुभारंभ अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने शहर के बीचों-बीच सीएनजी फिलिंग स्टेशन प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं आमजन की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। सीएनजी सुविधा उपलब्ध होने से न केवल वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी सकारात्मक योगदान प्राप्त होगा।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल के प्रति आभार व्यक्त किया।
