शासकीय आईटीआई गुना के पूर्व प्रशिक्षणार्थियों का चयन म.प्र. प्रशिक्षण अधिकारी पद पर, कलेक्टर ने किया सम्मानित
गुना
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) गुना के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि यहाँ के दो पूर्व प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्था के कोपा (COPA) ट्रेड की पूर्व छात्रा कुमारी शिवानी नरवरिया और छात्र श्री लखन सहरिया का चयन मध्यप्रदेश आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी (TO) परीक्षा 2024 में हुआ है। कुमारी शिवानी नरवरिया का चयन आईटीआई बिरसा (जिला बालाघाट) तथा श्री लखन सहरिया का चयन आईटीआई अलीराजपुर में प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर हुआ है।
आज कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा दोनों चयनित अभ्यर्थियों को उनकी इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। चयनित प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने मार्गदर्शक और शिक्षक श्री सलिल जैन (प्रशिक्षण अधिकारी, कोपा) के कुशल मार्गदर्शन एवं संस्था के शैक्षणिक वातावरण को दिया है। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे एवं संस्था की प्राचार्य सुश्री श्वेता कुशवाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शासकीय आईटीआई गुना में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू होने जा रही है। आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन का कार्य माह मई से प्रारंभ होने वाला है। प्रवेश के इच्छुक आवेदक एवं अभिभावक आईटीआई से संबंधित विस्तृत जानकारी, ट्रेड के चयन और भविष्य की संभावनाओं को समझने के लिए शासकीय आईटीआई गुना नानाखेडी़ परिसर में स्थापित 'काउंसलिंग डेस्क' पर उपस्थित होकर प्राप्त कर सकते हैं। संस्था में संचालित विभिन्न तकनीकी व्यवसायों (ट्रेड्स) की जानकारी और पंजीयन प्रक्रिया के लिए हेल्प डेस्क कार्यदिवसों में निरंतर उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन ने क्षेत्र के युवाओं से अपील की है कि वे कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के इस अवसर का लाभ उठाएं और समय सीमा में अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।
