अवैध कब्जा नहीं छोड़ने पर आरोपियों को सिविल जेल भेजा गया
गुना
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राधौगढ़ श्री अमित कुमार सोनी के न्यायालय में प्रचलित एक प्रकरण में अवैध कब्जा नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सिविल जेल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदिका लाडबाई पुत्री नवलसिंह भील, निवासी ग्राम मोहनपुर, तहसील लटेरी, जिला विदिशा द्वारा ग्राम मौहम्मदपुर, तहसील मधुसूदनगढ़, जिला गुना स्थित भूमि (सर्वे क्रमांक 19/1, 30/1/1, 69/1, 70/1, 76/1, 77/1, 87/1/1) पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले में न्यायालय द्वारा अनावेदकगण बापूलाल, दीवानसिंह पुत्र रतनलाल, कनीराम पुत्र प्यारसिंह, बनेसिंह एवं डालचंद पुत्र माधौजी भील के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 31 मार्च 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
वारंट के पालन में थाना प्रभारी मधुसूदनगढ़ द्वारा 03 मई 2026 को डालचंद एवं बनेसिंह को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान आरोपियों द्वारा अवैध कब्जा नहीं छोड़े जाने पर न्यायालय ने उन्हें सिविल जेल भेजने हेतु जेल वारंट जारी कर दिया।
