अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, जेसीबी और डम्पर जब्त
गुना
जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बीते दिन विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में एक जेसीबी मशीन से मुरम का अवैध उत्खनन करते हुए पकड़ा गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। साथ ही फतेहगढ़ में ही एक डम्पर को गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाए जाने पर उसे भी जब्त कर थाना फतेहगढ़ में खड़ा कराया गया।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रकरण में अर्थदंड के साथ-साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा, प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय कुमार चक्रवर्ती, थाना प्रभारी फतेहगढ़ सहित खनिज विभाग का अमला एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
