ई-टोकन के माध्यम से मिलेगी फास्फेटिक खाद की शत-प्रतिशत मात्रा
गुना
जिले में ई-टोकन के माध्यम से खरीफ सीजन की बोनी हेतु खाद का वितरण शुरु हो चुका है। जिसके अंतर्गत ई-टोकन द्वारा कृषकों को ICAR की अनुसंशा के अनुसार निश्चित मात्रा में फसलवार उर्वरक वितरित किये जा रहे है। आगामी समय में बोनी की संभावना को देखते हुये म.प्र. शासन द्वारा ई-विकास पोर्टल पर फास्फेटिक (डी.ए.पी./टी.एस.पी./एस.एस.पी.) एवं काम्पलेक्स (एन.पी.के.) खाद की मात्रा का शत् प्रतिशत वितरण चालू कर दिया एवं यूरिया खाद का 50 प्रतिशत अग्रिम के रूप में वितरण किया जा रहा है।
जिले के कलेक्टर एवं उप संचालक कृषि द्वारा डबल लॉक केन्द्रों, सहकारी समितियों, एम.पी. एग्रो, निजी उर्वरक विक्रेताओं को जिले के कृषकों का ई-टोकन जारी कराकर नियमानुसार खाद उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।
जिले के किसानों से भी अपील की गई है कि वह उर्वरकों की अनुशंसित मात्रा का अग्रिम उठाव करें, जिससे की बोनी के समय उर्वरक विक्रय केन्द्रों पर अचानक भीड-भाड की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रथम चरण में फॉस्फेटिक/कॉम्पलेक्स खाद/यूरिया का अग्रिम उठाव जल्द से जल्द करें, जिससे कि दूसरे चरण में खाद की शेष मात्रा का भण्डारण सुनिश्चित किया जा सके।
ई-विकास पोर्टल पर प्रतिदिन प्रत्येक उर्वरक विक्रेता केन्द्र के 100-100 स्लॉट बुक किये जाकर खाद वितरण किया जा रहा है। पोर्टल पर टोकन पंजीयन का समय सुबह 7:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक निर्धारित है। उक्त अवधि में कृषक स्वयं/सी.एस.सी. सेंटर/कम्प्यूटर सेंटर/उर्वरक वितरण केन्द्र के माध्यम से अपनी वास्तविक बोई गई फसल का चयन कर ई-टोकन बुक कर खाद क्रय कर सकता है।
