नेशनल लोक अदालत को लेकर प्री-सिटिंग बैठक आयोजित
गुना
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 09 मई 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के पूर्व जिला न्यायालय गुना में प्री-सिटिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना श्री अमिताभ मिश्रा की अध्यक्षता में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के साथ वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक जिला एवं सत्र न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुई, जिसमें मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के सदस्य, बीमा कंपनी के अधिवक्ता एवं आवेदकों के अधिवक्ता शामिल हुए।
बैठक के दौरान 5 प्रकरणों में आपसी सहमति से राजीनामा होने पर सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री राधाकिशन मालवीय ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे जटिल न्यायिक प्रक्रियाओं से बचते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते से कराएं, जिससे पक्षकारों को शीघ्र एवं सरल न्याय मिल सके।
बैठक में जिला न्यायाधीश सुश्री शैलजा गुप्ता, श्री राघवेन्द्र भारद्वाज, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना त्रिपाठी तथा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री अनीस राघव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
