Type Here to Get Search Results !

समय सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर वेतन कटौती के निर्देश

 समय सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर वेतन कटौती के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन, मोबाइल कोर्ट और जनहित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल की अध्यक्षता में आज समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा से की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में शिकायतें “नॉट अटेंडेड” नहीं रहनी चाहिए। यदि कोई शिकायत लंबित पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के वेतन में कटौती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को सिटीजन चार्टर के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


मोबाइल कोर्ट को लेकर कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि सप्ताह में कम से कम एक मोबाइल कोर्ट का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निराकरण के दौरान मौके पर एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार या समकक्ष अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रखने को कहा।


बैठक में राहगीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुँचाने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है, जिसकी जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाई जाए। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर ने सभी विभाग के अधिकारियों को जिले की पहचान बन चुके सफल मॉडलों को बढ़ावा देने के लिए कहा, जिनमें गुलाब की खेती, अमरूद एवं धनिया उत्पादन शामिल हैं। वही कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने एवं किसानों को इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में कलेक्‍टर श्री कन्‍याल द्वारा लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिये। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.