Type Here to Get Search Results !

प्रदेश में सभी तरह के उद्योगों की स्थापना पर जोर,युवाओं के लिए रोजगार प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश में सभी तरह के उद्योगों की स्थापना पर जोर,युवाओं के लिए रोजगार प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

दस्यु प्रभावित क्षेत्र अब प्रगति से बना रहा है पहचान: मुख्यमंत्री डॉ यादव

गुनिया नदी के पुनर्जीवन के लिए लेंगे भारत सरकार का सहयोग

गुना में अडाणी समूह की सीमेंट फैक्ट्री का हुआ शिलान्यास

प्रथम चरण में किया गया 1060 करोड़ का निवेश

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विकास को रफ्तार दी है: उद्योगपति श्री प्रणव अदाणी






गुना 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सभी तरह के उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार को प्राथमिकता देते हुए किसानों, महिलाओं और गरीबों, सभी वर्गों के कल्याण के लिए सक्रिय है। पर्यटन और पशुपालन के क्षेत्र में प्रदेश महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त करेगा। गुना क्षेत्र में सीमेंट निर्माण इकाई से डेढ़ हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। अडाणी समूह की ओर से 32 हैक्टेयर भूमि पर इस इकाई की स्थापना के फलस्वरूप चार मिलीयन टन उत्पादन होगा। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को गुना जिले में अंम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास के साथ ही औद्योगिक विकास, अधोसंरचनात्मक सुदृढ़ीकरण और रोजगार सृजन को नई गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन विकास कार्यों से गुना जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर सेवाओं का लाभ मिलेगा। प्रदेश का ग्वालियर और चंबल अंचल कभी डकैतों की गोलियों से गूंजता था, अब यहां विकास का परचम लहरा रहा है। अब यहां दस्युओं के स्थान पर प्रगति पहचान का माध्यम बनी है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। सरकार जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गुना अंचल के लिए आज होली और दीपावली के त्योहारों की तरह उल्लास का वातावरण है। इस क्षेत्र में सिंचाई, पानी, बिजली के साथ सभी नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जो आगे भी जारी रहेगा। 


मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की 3 महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक समय इस क्षेत्र के विकास के लिए सिंधिया परिवार द्वारा पहल की गई थी। अब केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास को गति दे रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा दिए गए सुझावों को मानते हुए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें गुनिया नदी के पुनर्जीवन के लिए 80 करोड़ 22 लाख राशि का प्रस्ताव भारत सरकार की जल शक्ति योजना में भेजने, लक्ष्मण कोपरा से राम नगर टकोदिया तक पहुंच को आसान बनाने के लिए पार्वती नदी पर 42 करोड़ रुपए की लागत से ब्रिज के निर्माण और गुना शहर के भुजारिया तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा शामिल है। 


उद्योग खुलने से युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना होगा: केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि  प्रदेश के विकास के लिए मुख्यमंत्री डा यादव परिश्रम और निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। गुना के विकास के लिए नई दीप माला प्रज्ज्वलित हो रही है। श्री सिंधिया ने कहा कि गुना क्षेत्र में सीमेंट इकाई की स्थापना एक ऐतिहासिक कदम है। यह कार्य बहुप्रतिक्षित था। उन्होंने लगभग सौ वर्ष पूर्व सिंधिया परिवार द्वारा इस क्षेत्र में किए गए औद्योगीकरण के प्रयासों का उल्लेख भी किया। श्री सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों की स्थापना के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे गुना के युवाओं को अन्य प्रांतों में रोजगार तलाशने नहीं जाना पड़ेगा। बहनों को भी लखपति दीदी बनाकर समृद्धि का लाभ दिलवाया जा रहा है।  केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि कोटा-बीना लाइन के दोहरीकरण, तात्या टोपे विश्वविद्यालय प्रारंभ करने की पहल, जल प्रदाय योजना के क्रियान्वयन, सिंचाई योजनाओं के क्रियान्वयन, गुना से देवास राष्‍ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा बनाने के लिए 5 हजार करोड़ के व्यय,गुना के लिए 15 किलोमीटर लंबाई के बायपास जैसे कार्य आमजन को सुविधा प्रदान कर रहे हैं। कृषि क्षेत्र में गुना -चाचौड़ा- राघोगढ़ क्षेत्र के किसान पंजाब की तरह पहचान बना रहे हैं।


मध्यप्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र हो रहा सशक्त : श्री प्रणव अदाणी

उद्योगपति श्री प्रणव अदाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ यादव के प्रयासों से विकास को नई रफ्तार मिली है। अधोसंरचना, लॉजिस्टिक, ट्रांसपोर्ट और अन्य सुविधाओं से मध्यप्रदेश में उद्योग क्षेत्र की मजबूती सुनिश्चित की जा रही है। पीएम गति शक्ति मिशन से औद्योगिक क्षेत्र का वातावरण सशक्त हो रहा है।  गत वर्ष भोपाल में सम्पन्न ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी समूह के चेयरमेन श्री गौतम अदाणी ने एक लाख हजार करोड़ से अधिक निवेश का संकल्प व्यक्त किया था, जिसके अंतर्गत ही साकार करने के लिए इस सीमेंट इकाई की आधारशिला रखी जा रही है। प्रथम चरण में एक हजार 60 करोड़ का निवेश किया जा रहा है, जो आगामी चरणों में तीन गुना से अधिक होगा। श्री प्रणव अदाणी ने मध्यप्रदेश में कटनी, कैमोर सहित अन्य क्षेत्रों में सीमेंट और अन्य इकाईयों की स्थापना की पहल की गई । समूह द्वारा ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रोजेक्ट अमल में लाए जाएंगे। 


खाद्य,नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण एवं गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश में विकास का पहिया तीव्र गति से घूम रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योग वर्ष के पश्चात कृषि वर्ष में प्रदेश में समृद्धि के प्रयास तेज किए हैं। परियोजनाओं के लिए जिन किसानों की भूमि ली जाएगी उन्हें चार गुना मुआवजा देने का निर्णय लिया गया। प्रदेश में भारत सरकार से अनुमति प्राप्त करने के पश्चात अब 78 लाख मीट्रिक टन के स्थान पर 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन  किया जा रहा है। किसानों को उनकी मेहनत की पूरी कीमत दी जा रही है।

रोड शो में हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के गुना आगमन पर नागरिकों ने पुष्पहारों से उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय नागरिक जिनमें युवा,व्यापारी वर्ग, महिला समाज, सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे बड़ी संख्या में मार्ग के दोनों ओर स्वागत के लिए उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया 1189 करोड़ रूपये के 145 विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान गुना जिले को विभिन्‍न विकास कार्यो की सौगात दी। इस दौरान उन्‍होंने कुल 145 कार्यो की लागत राशि रूपये 1189 करोड़ का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। 

हितलाभ का किया वितरण

कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री द्वारा शासन की विभिन्‍न जनकल्‍याणकारी योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान उन्‍होंने 22 हितग्राहियों को कामधेनु योजना, कस्टम हायरिंग सेंटर, रीपर कम बाइंडर वितरण, अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को पट्टा वितरण तथा प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान योजना के अंतर्गत हितलाभ प्रदान किए। साथ ही उन्‍होंने जिले का गौरव बढ़ाने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। 


कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, गुना विधायक श्री पन्‍नालाल शाक्‍य, चांचौड़ा विधायक श्रीमति प्रियंका मीना, मुंगावली विधायक श्री ब्रजेन्‍द्र सिंह यादव, चंदेरी विधायक श्री जगन्‍नाथ सिंह रघुवंशी, कोलारस विधायक श्री महेन्‍द्र सिंह यादव, भाजपा जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अरविन्‍द्र धाकड़, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्रीम‍ति सविता अरविन्‍द्र गुप्‍ता, पूर्व विधायक श्री गोपीलाल जाटव, श्री राजेन्‍द्र सिंह सलूजा सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं आयुक्‍त ग्‍वालियर संभाग श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविन्‍द्र सक्‍सेना, कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्‍य अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.