कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान करें आवेदन
गुना
सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) अंतर्गत वर्ष 2025-26 हेतु जिले के वैज्ञानिक पद्धति से कृषि, प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं कृषि अभियांत्रिकी क्षेत्र में उन्नत तकनीक, नवाचार एवं तकनीकी विस्तार के माध्यम से फसल उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने वाले उत्कृष्ट कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
योजना अंतर्गत विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए 25 कृषकों का चयन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक कृषक को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए 10 कृषकों का चयन कर प्रत्येक को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
किसान भाई पुरस्कार हेतु आवेदन पत्र कृषि विभाग के विकासखंड कार्यालय, बी.टी.एम. आत्मा अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित दिनांक 30 मई 2026 तक संबंधित विकासखंड कृषि कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
