क्लब फुट से पीड़ित बालक का सफल शासकीय उपचार
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विकासखंड चांचौड़ा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीनागंज की आरबीएसके टीम “ए” द्वारा एक उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई। ग्राम गेहूखेड़ी निवासी बालक रियांश कुशवाहा (जन्म: 16.03.2025), पिता श्री राकेश कुशवाहा एवं माता श्रीमती पवित्र कुशवाहा का जन्म सीएचसी बीनागंज में जन्मजात विकृति (क्लब फुट) के साथ हुआ था। बालक के पैरों की विकृति के कारण परिजन अत्यंत चिंतित थे।
आरबीएसके टीम द्वारा परिजनों से संपर्क कर जन्मजात विकृतियों के निःशुल्क शासकीय उपचार की जानकारी दी गई। तत्पश्चात बीएमओ बीनागंज डॉ. राजेश कुमार पुष्पक को अवगत कराते हुए आरबीएसके चिकित्सक डॉ. अमित जायसवाल एवं डॉ. ज्योति मीणा द्वारा बालक को जिला चिकित्सालय गुना के डीईआईसी में रेफर किया गया।
डीईआईसी गुना में श्रीमती विनीता सोनी जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक आरबीएसके एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से, जिला चिकित्सालय में संचालित क्लब फुट क्लीनिक में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र धाकड़ द्वारा चरणबद्ध तरीके से प्लास्टर लगाए गए एवं छोटासा ऑपरेशन टेनाटॉमी भी किया गया। उपचार के परिणामस्वरूप बालक के पैर धीरे-धीरे सामान्य होने लगे और वर्तमान में वह सामान्य रूप से चलने लगा है। इससे परिजनों एवं ग्रामवासियों में अत्यधिक प्रसन्नता व्याप्त है।
इस सफलता का सकारात्मक प्रभाव यह भी रहा कि ग्राम में एक अन्य क्लब फुट से पीड़ित बालक, जिनका उपचार निजी स्तर पर चल रहा था परंतु अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था, उसके माता-पिता (नीलम/पवन अहिरवार) भी अब शासकीय उपचार हेतु सहमत हुए। आरबीएसके टीम द्वारा उक्त बालक को भी गुना रेफर किया गया है, जहाँ उसका उपचार प्रगतिरत है।
