Type Here to Get Search Results !

13 वर्षों बाद संतान सुख, जिला अस्पताल गुना में सफल ऑपरेशन से स्वस्थ पुत्री का जन्म

 13 वर्षों बाद संतान सुख, जिला अस्पताल गुना में सफल ऑपरेशन से स्वस्थ पुत्री का जन्म


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल गुना में चिकित्सा सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब लगातार सामने आ रहे हैं।

इसी क्रम में जिला अस्पताल गुना में एक अत्यंत भावनात्मक एवं सफल चिकित्सा उपलब्धि दर्ज की गई। हड्डी मिल, गुना निवासी जरीना पत्नी कल्लू खां को 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद संतान सुख प्राप्त हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपति की शादी को 13 वर्ष हो चुके थे। इस दौरान जरीना के 5 गर्भ गर्भावस्था के दौरान ही समाप्त हो चुके थे तथा प्री-मेच्योर डिलीवरी की समस्या भी लगातार बनी हुई थी। विभिन्न स्थानों पर उपचार के बावजूद सफलता नहीं मिल रही थी, जिससे परिवार आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान था। तीन माह के गर्भकाल में जरीना जिला अस्पताल गुना में सोनोग्राफी हेतु पहुँचीं, जहाँ डॉ. सतीश राजपूत द्वारा जांच की गई। पूर्व गर्भपात के इतिहास को देखते हुए डॉक्टर द्वारा मरीज को उचित परामर्श एवं मानसिक संबल प्रदान किया गया तथा नियमित रूप से 15-15 दिन पर फॉलोअप की सलाह दी गई। निरंतर चिकित्सकीय देखरेख एवं समय-समय पर जांच के चलते गर्भकाल सुरक्षित रूप से 9 माह पूर्ण हुआ।

दिनांक 12 मई 2026 को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर मरीज को जिला अस्पताल गुना में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु की धड़कन कम पाए जाने पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर को सूचित किया गया। तत्पश्चात रात्रि लगभग 1 बजे आपातकालीन ऑपरेशन कर स्वस्थ पुत्री का सुरक्षित प्रसव कराया गया। वर्तमान में माता एवं नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं।

इस सफल ऑपरेशन में डॉ. सतीश राजपूत, डॉ. विकास (निश्चेतन विशेषज्ञ), डॉ. अर्जुन परिहार, नर्सिंग ऑफिसर शिल्पा, सरोज, स्वीटी, वॉर्ड बॉय सुरेखा एवं गिर्राज ढोलपुरिया का सराहनीय योगदान रहा। परिजनों ने जिला अस्पताल गुना की संपूर्ण टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.