जिला गुना में प्रगणकों की उत्कृष्ट उपलब्धि: दो दिन में पूरा किया HLB कार्य
जनगणना 2027 के तहत 40 मकानसूचीकरण ब्लॉक पूर्ण, श्रेष्ठ प्रगणक सम्मानित
गुना,
भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला गुना में प्रगणकों ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तेजी और गुणवत्ता के साथ मकानसूचीकरण (HLB) का कार्य पूरा किया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल तथा जिला जनगणना अधिकारी श्री अखिलेश कुमार जैन के मार्गदर्शन में 04 मई 2026 तक जिले में कुल 40 मकानसूचीकरण ब्लॉकों का कार्य पूर्ण कर लिया गया।
इस अभियान में सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि ग्राम पंचायत चुरेला, तहसील बमोरी के HLB क्रमांक 0087 गडलाउजारी की रही, जहां प्रगणक श्रीमती श्वेता भदौरिया ने मात्र दो दिन में पूरा कार्य संपन्न कर मिसाल कायम की।
श्रेष्ठ प्रगणकों का हुआ सम्मान
उत्कृष्ट कार्य के लिए कलेक्टर श्री कन्याल ने पांच प्रगणकों एवं उनके पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया। इनमें श्रीमती श्वेता भदौरिया (पर्यवेक्षक– श्री अभिषेक रघुवंशी), श्री जमनालाल अहिरवार (पर्यवेक्षक– श्री संतोष अलावा), श्रीमती क्षमा सोंधिया (पर्यवेक्षक– श्री भगवत सिंह), श्री रामगोपाल केवट (पर्यवेक्षक– श्री मनोज सक्सेना) एवं श्रीमती प्रीति नामदेव (पर्यवेक्षक– श्री हरगोविंद कुशवाह) शामिल हैं।
राघोगढ़ और बमोरी तहसील अग्रणी
जिले में सबसे अधिक 20 ब्लॉक तहसील राघोगढ़ तथा 13 ब्लॉक तहसील बमोरी में पूर्ण किए गए हैं, जो प्रगणकों की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कलेक्टर श्री कन्याल ने प्रगणकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करना उनकी कार्यकुशलता और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने इसे अन्य प्रगणकों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग कार्य को सरल, पारदर्शी और तेज बनाता है।
इस उपलब्धि पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सभी प्रगणकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा जताई है।
