Type Here to Get Search Results !

हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट आदि गंभीर मामलों में वर्षों से फरार 05 पारदी बदमाश गिरफ्तार

 हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट आदि गंभीर मामलों में वर्षों से फरार 05 पारदी बदमाश गिरफ्तार



*पारदी समुदाय के अपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही जारी*


*साथ ही पारदी समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु समानांतर रूप से चलाया जा रहा है विशेष अभियान*


*अपराध छोड़ने वालों को पुनर्वास का अवसर, लेकिन अपराध में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध होगी कठोर वैधानिक कार्यवाही*


               गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । साथ ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों एवं लंबे समय से फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है ।


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा विशेष रूप से पारदी समुदाय के उन व्यक्तियों को चिन्हित कर, जो अपराध की गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं, उन्हें अपराध का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जागरूकता, संवाद एवं पुनर्वास संबंधी अभियान भी चलाया जा रहा है । इस अभियान के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति तथा सामाजिक उत्थान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें ।


               इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है अथवा न्यायालयीन कार्यवाही से फरार रहकर कानून की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध गुना पुलिस द्वारा किसी भी परिस्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी तथा कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।


               इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा आज हत्या, बलात्कार, हत्या का प्रयास, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा, गंभीर मारपीट एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 05 पारदी बदमाशों एवं वारंटियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है ।


*थाना धरनावदा: तीन शातिर एवं अंतर्राज्यीय पारदी बदमाश गिरफ्तार*


*1. मायाराम उर्फ जगन्नाथ पारदी :-*


               धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा निवासी आरोपी मायाराम पुत्र धूलजी उर्फ जगन्नाथ पारदी उम्र 55 वर्ष एक शातिर एवं अंतर्राज्यीय अपराधी है । इसके विरुद्ध गुना जिले के थाना धरनावदा सहित राजस्थान राज्य के कोटा, बारां, हनुमानगढ़ एवं सुल्तानपुर सहित विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा एवं मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं । जिनमें धरनावदा थाने के अपराध क्रमांक 240/04 एवं 498/20 में न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार अनुपस्थित रहने पर माननीय न्यायालय गुना द्वारा इसके विरुद्ध अलग-अलग स्थाई वारंट जारी किए गए थे । पुलिस द्वारा लगातार तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया ।


*2. अजूबा पारदी :-*


               ग्राम कनेरा निवासी अजूबा पुत्र लाखन पारदी उम्र 26 वर्ष के विरुद्ध गुना एवं राजस्थान राज्य में डकैती, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा एवं मारपीट जैसे अपराधों के कुल 04 प्रकरण दर्ज हैं । जिनमें धरनावदा थाने के अपराध क्रमांक 77/16 एवं 222/18 में न्यायालयीन कार्यवाही से फरार रहने पर माननीय न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किए गए थे । आज आरोपी को धरनावदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है ।


*3. मिगीरिया उर्फ भिगोला पारदी :-*


               ग्राम मुरादपुर निवासी मिगीरिया उर्फ भिगोला पारदी पुत्र फकीरा पारदी उम्र 35 वर्ष के विरुद्ध धरनावदा थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था । जिसमें धरनावदा थाना पुलिस ने सतत प्रयासों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आज वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है ।


*बजरंगगढ़ थाना पुलिस की बड़ी सफलता : 05 हजार का इनामी आरोपी विक्की पारदी गिरफ्तार :-*


               बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी विक्की पुत्र हिम्मत पारदी निवासी ग्राम खेजड़ा, हाल निवासी ग्राम गढ़ला गिर्द को गिरफ्तार किया है ।


               आरोपी विक्की पारदी के विरुद्ध गुना जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, नकबजनी, हत्या का प्रयास, हत्या एवं अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनभर से अधिक प्रकरण दर्ज हैं । आरोपी धरनावदा थाने के अपराध क्रमांक 04/26 में फरार था तथा उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक गुना द्वारा 5,000 रुपये का पुरस्कार भी उदघोषित किया हुआ था ।


               इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा दिनांक 12 जून 2026 को गढ़ला गिर्द निवासी कल्याण आदिवासी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके संबंध में थाना बजरंगगढ़ में अप.क्र. 61/26 धारा 329(4), 296बी, 351(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था । उक्त घटना के बाद क्षेत्रीय आदिवासी समाज द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी । पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया एवं उसके कब्जे से एक मोटर सायकिल भी जप्त की गई है ।


*गुना कोतवाली पुलिस ने बलात्कार प्रकरण के फरार आरोपी को दबोचा*


               गुना कोतवाली थाना पुलिस ने वर्ष 2020 के एक गंभीर बलात्कार प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नीतू पारदी पुत्र जानकी पारदी उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा, हाल निवासी हड्डीमील गुना को गिरफ्तार किया है । उल्लेखनीय है कि आरोपी नीतू पारदी एवं उसके अन्य साथियों के विरुद्ध वर्ष 2020 में कोतवाली गुना में अप.क्र. 698/20 धारा 376डी, 294, 343, 498ए भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था । उक्त प्रकरण में आरोपी के न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु स्थाई वारंट जारी किया गया था । जिसकी तलाश के क्रम में गुना कोतवाली पुलिस द्वारा आज मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए लंबे समय से फरार वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।


*अपराधियों के लिए सख्त संदेश, समाज सुधार के प्रयास भी जारी*


               गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता है । पारदी समुदाय सहित सभी वर्गों के लोगों को अपराध छोड़कर सम्मानजनक जीवन अपनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है । इसके लिए गुना पुलिस की ओर से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं । किन्तु इसके उपरांत भी यदि कोई व्यक्ति अपराध का मार्ग अपनाता है, कानून व्यवस्था को चुनौती देता है अथवा न्यायालयीन कार्यवाही से फरार रहता है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक संपादित की जाएगी । गुना पुलिस का फरार अपराधियों, इनामी बदमाशों एवं वारंटियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.