Type Here to Get Search Results !

बाघेरी खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण: 220 किसानों को मिला खाद, अब 500 किसानों तक वितरण क्षमता बढाने की तैयारी

 बाघेरी खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण: 220 किसानों को मिला खाद, अब 500 किसानों तक वितरण क्षमता बढाने की तैयारी


किसान की पहल बनी मिसाल, दादाजी की याद में वाटर कूलर देंगे; कलेक्टर ने सराहा सामाजिक योगदान



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बमोरी स्थित बाघेरी खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण प्रक्रिया और ई-विकास प्रणाली के संचालन संबंधी फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि केंद्र से अब तक लगभग 220 किसानों को खाद का वितरण किया जा चुका है।


कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों से चर्चा के दौरान कहा कि ई-विकास प्रणाली का उद्देश्य वास्तविक और पात्र किसानों तक खाद की पारदर्शी एवं व्यवस्थित उपलब्धता सुनिश्चित करना है। किसानों ने भी प्रणाली के प्रति सकारात्मक रुझान व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कुछ मामलों में उन लोगों को कठिनाई हो सकती है जो अवैध तरीके से खाद प्राप्त कर उसका विक्रय करना चाहते हैं, वन भूमि अथवा अतिक्रमित भूमि पर खेती दर्शाकर लाभ लेने का प्रयास करते हैं अथवा अन्य अनियमितताएं करते हैं। इसके अतिरिक्त कभी-कभी तकनीकी अथवा सर्वर संबंधी समस्याएं भी आती हैं, जिनका शीघ्र समाधान कर लिया जाता है।


कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों को सलाह दी कि कई बार परिवार के एक सदस्य द्वारा दो-तीन किसानों के टोकन लेकर आने पर ओटीपी सत्यापन में अतिरिक्त समय लगता है, जिससे कतार प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि यदि वे अपने परिजनों के टोकन लेकर आते हैं तो संबंधित मोबाइल धारकों को पूर्व सूचना दें, जिससे ओटीपी तुरंत प्राप्त हो सके और वितरण प्रक्रिया अधिक सुगम एवं त्वरित बने।


निरीक्षण के दौरान खाद वितरण केंद्र की बढ़ती मांग को देखते हुए वर्तमान दो वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाकर चार किए जाने का निर्णय भी लिया गया। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद प्रतिदिन लगभग 500 किसानों को खाद वितरण की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे किसानों को अधिक सुविधा मिलेगी और प्रतीक्षा समय में कमी आएगी।


इस अवसर पर बागेरी खाद वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कृषक श्री दिलबाग सिंह ने अपने दादाजी की स्मृति में किसानों के लिए एक वाटर कूलर दान करने की बात कही। कलेक्टर ने इस जनभागीदारीपूर्ण पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब प्रशासन और आमजन मिलकर कार्य करते हैं तो विकास के कार्य अधिक प्रभावी और सरल हो जाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों के नामवार विवरण प्रस्तुत करते हुए विभिन्न तिथियों में वितरित खाद की जानकारी साझा की।


इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे,एसडीएम श्रीमति शिवानी पाण्‍डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.