कलेक्टर ने नानीपुरा में एकीकृत कृषि मॉडल का किया अवलोकन
आचार्य विद्यासागर योजना सहित विभिन्न कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों की जानकारी ली
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को विकासखंड बमोरी के ग्राम नानीपुरा में कृषक श्री वैभव कुशवाहा एवं श्री सौरभ कुशवाहा के फार्म हाउस का भ्रमण कर वहां संचालित एकीकृत कृषि (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर कृषकों से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान कृषकों ने बताया कि वे कृषि एवं उद्यानिकी फसलों के साथ-साथ पशुपालन को भी समन्वित रूप से अपनाकर आय के विविध स्रोत विकसित कर रहे हैं। फार्म पर गाय, बकरी सहित अन्य पशुधन आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।साथ ही इस मॉडल को लगातार बढ़ाया जा रहा है। जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग एवं अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
पशुपालन विभाग द्वारा आचार्य विद्यासागर योजना के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। बताया गया कि योजना के अंतर्गत 6 से 10 गायों की इकाई स्थापित की जा सकती है, जिसके लिए लगभग एक एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। योजना में पात्र हितग्राहियों को 25 प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) का प्रावधान है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने एकीकृत कृषि मॉडल को किसानों की आय वृद्धि एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी पहल बताते हुए कहा कि कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन गतिविधियों के समन्वय से किसान जोखिम कम कर बेहतर वर्ष भर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे l
