चारा विकास एवं गोरस ऐप की उपयोगिता पर कार्यशाला आयोजित
गुना
पशुपालन एवं डेयरी विभाग गुना में उपसंचालक डॉ. समर सिंह राठौर की अध्यक्षता में जिले की सहकारी दुग्ध समितियों के सदस्यों एवं अध्यक्षों के लिए चारा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत साइलेज एवं गोरस ऐप की उपयोगिता विषयक कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में डॉ. आशीष सोनी एवं डॉ. महेंद्र सिंह सैमिल ने पशुपालकों को साइलेज उत्पादन, चारा संरक्षण तथा उन्नत पशु आहार प्रबंधन की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित आहार से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ पशुओं के स्वास्थ्य एवं प्रजनन क्षमता में भी सुधार किया जा सकता है।
इस अवसर पर विभाग द्वारा संचालित गोरस ऐप की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि ऐप पर दुधारू पशुओं का विवरण दर्ज करने पर पशुपालकों को पशु की आवश्यकता के अनुरूप संतुलित आहार की गणना स्वतः प्राप्त हो जाती है, जिससे दुग्ध उत्पादन एवं प्रजनन क्षमता में वृद्धि करने में सहायता मिलती है।
कार्यशाला में दुग्ध शीत केंद्र गुना के प्रबंधक श्री अमित शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राघवेन्द्र नरवरिया ने विभागीय योजनाओं का प्रस्तुतीकरण करते हुए विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन किया।
