भौंरा को मिली 280 करोड़ की सौगात, 225 गांवों की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
परिवार का मुखिया कभी खाली हाथ नहीं आता, 280 करोड़ की सौगात लेकर आया हूं"- केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
गुना
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को गुना जिले की बमोरी तहसील अंतर्गत भौंरा (मूड़रा हनुमान) में लगभग 280 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 220/132/33 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।
परियोजना से 225 गांवों की लगभग 2.25 लाख आबादी को गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
225 गांवों को मिलेगा लाभ
परियोजना के तहत बल्लापुर से 220 केवी एवं 132 केव्ही विद्युत लाइनें स्थापित की जाएंगी। नए उपकेन्द्र के प्रारंभ होने से गढ़ला, भौंरा, कपासी और राघौगढ़ के 132 केवी उपकेन्द्रों की विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही लाइनों पर ओवरलोडिंग समाप्त होगी और आगामी वर्षों की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
"नए भारत का निर्माण गांवों से होगा"
सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना था कि नए भारत का निर्माण बड़े शहरों से नहीं, बल्कि गांवों और छोटे-छोटे चकों से होगा। उन्होंने कहा कि यदि वे क्षेत्र की सेवा कर पाए, तो अपने जीवन को सफल मानेंगे।
"280 करोड़ की सौगात लेकर आया हूं"
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि वे जनता के बीच नेता या मंत्री नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य और सेवक के रूप में आते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में उन्होंने क्षेत्र के एक-एक गांव का भ्रमण किया है और इसी अपनत्व के साथ इस बार 280 करोड़ रुपये की विकास सौगात लेकर आए हैं।
हर क्षेत्र में विकास का भरोसा
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ऊर्जा, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि उनकी हर संभव मांग को पूरा करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, पूर्व मंत्री श्री महेंद्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
