Type Here to Get Search Results !

मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं सुनिश्चित करें : कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल

मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं सुनिश्चित करें : कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल

जिला चिकित्सालय की सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा शुक्रवार शाम को जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल प्रबंधन एवं गुणवत्ता सुधार के बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उन्होंने अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कन्याल ने अस्पताल परिसर में मशीनों के माध्यम से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं परिजनों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले 80 प्रतिशत से अधिक पात्र मरीजों का आयुष्मान योजना के अंतर्गत पंजीयन कर उनके उपचार संबंधी क्लेम समय पर प्रस्तुत किए जाएं।

उन्होंने समस्त एमएलसी एवं पोस्टमार्टम प्रकरणों को ऑनलाइन मेडसाक्ष्य पोर्टल पर दर्ज कर सीसीटीएनएस के माध्यम से प्रेषित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण की मासिक समीक्षा कर कमियों की पहचान एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने निर्देशित किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने उपलब्ध बजट का योजनाबद्ध उपयोग कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति अर्जित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा जनसामान्य के लिए स्वच्छ, सुंदर एवं सकारात्मक वातावरण विकसित करने की बात कही। साथ ही एनक्यूएएस (NQAS), कायाकल्प (Kayakalp) एवं लक्ष्य (LaQshya) जैसी गुणवत्ता प्रमाणन प्रक्रियाओं में सफलता प्राप्त करने हेतु आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने अस्पताल की सभी एम्बुलेंस एवं अन्य वाहनों को सतत क्रियाशील रखने तथा उनकी लॉगबुक का नियमित सत्यापन संबंधित प्रभारियों द्वारा सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्री कन्याल ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्ड प्रभारी एवं सहायक प्रबंधक प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता की जांच कर अभिलेख संधारित करें तथा शासन की गाइडलाइन के अनुसार खाद्य सामग्री का निर्माण मशीनों के माध्यम से किया जाए।

ब्लड कलेक्शन सेंटर में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आभा आईडी निर्माण एवं अन्य प्रक्रियाओं के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपकरणों की प्रस्तुत मांगों को समेकित कर ऑनलाइन औषधि पोर्टल पर मैप करने तथा बजट उपलब्धता के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

जिला चिकित्सालय में रोगी संतुष्टि एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का प्रभावी मूल्यांकन करने के उद्देश्य से Parakh Application के माध्यम से एक विशेष फीडबैक प्रणाली विकसित की गई है। इसके अंतर्गत QR Code जनरेट कर ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म तैयार किया गया है। यह कार्य सीनियर जीआईएस एग्जीक्यूटिव पूजा कुमारी, द्वारा संपादित किया गया। अब जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाले मरीज एवं उनके परिजन QR Code स्कैन कर सरलता से अपना फीडबैक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्राप्त सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं के आधार पर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की संतुष्टि तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाएगा।

फीडबैक प्रणाली से प्राप्त आंकड़ों एवं रिपोर्ट का साप्ताहिक एवं मासिक विश्लेषण किया जाएगा, जिससे सेवाओं में आवश्यक सुधार एवं बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। इस संबंध में तैयार रिपोर्ट का नियमित अवलोकन कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा किया जाएगा, ताकि जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

समीक्षा बैठक के पूर्व कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने मॉ बाल स्वरूपा बाल आश्रम पहुंचकर पौधरोपण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण कर निर्धारित समय पर केंद्र संचालित करने एवं पर्याप्त दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.