कलेक्टर के निर्देश पर मटमैले पानी की समस्या का त्वरित समाधान, नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची
गुना। श्रीराम कॉलोनी स्थित डी.पी. चौराहा के पास एक हेयर कटिंग सैलून है जहां मटमैले पानी की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित उपभोक्ता का पेयजल कनेक्शन पाइपलाइन के डेड एंड (अंतिम छोर) पर था। पाइपलाइन के अंतिम हिस्से में मिट्टी एवं अन्य अवशेष जमा होने के कारण नल से मटमैला पानी आ रहा था, जिससे उपभोक्ता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में नगरीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। नगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित लाइन की सफाई की गई है तथा मौजूदा कनेक्शन को हटाकर लगभग 20 फीट आगे मुख्य लाइन से नया कनेक्शन देने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे स्वच्छ एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
