आरोन में किया जन कल्याण शिविर का आयोजन
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे के निर्देशानुसार तथा शासन के आदेशों के पालन में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन में नगर परिषद आरोन द्वारा दिनांक 16 जून 2026 से 18 जून 2026 तक आयोजित जन कल्याण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
शिविर का उद्देश्य आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं एवं मांगों का त्वरित निराकरण करना हैं। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंजूषा खत्री शिविर समापन के अवसर पर हितलाभ वितरण किया गया।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश कुमार सोनी ने नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
शिविर का संचालन सी.ओ. श्री शेख जिगर खान द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और जनकल्याण शिविर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार श्री अमित जैन, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश कुमार सोनी, शिविर नोडल अधिकारी श्री शेख जिगर खान, सहित नगर परिषद का समस्त स्टाफ, आमजन एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही उपस्थित रहे।
