कैरियर काउंसलिंग के तहत उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र छात्राओं को अग्निवीर, बैंकिंग और कौशल विकास से संबंधित दी गई जानकारी
*बीनागंज के उत्कृष्ट विद्यालय में भारतीय वायु सेना में अग्निवीर भर्ती से संबंधित दी गई जानकारी*
*भारतीय वायु सेना में अग्निवीर( वायु) बनकर करे देश सेवा* -डी एस मराठे
Guna-
कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा संचालित कैरियर काउंसलिंग योजना के अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार आज उत्कृष्ट विद्यालय बीनागंज में इंडियन एयर फोर्स के अधिकारी द्वारा वायु सेना में अग्निवीर पदों की भर्ती संबंधी जानकारी छात्रों को उपलब्ध कराई गई। आज दिनांक 24 जून 2026 को गुना जिले के चांचौडा-बीनागंज में शास. कॉलेज तथा उत्कृष्ट उच्च. माध्यमिक विद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में 15 एयरमैन सिलेक्शन सेंटर भोपाल से आए हुए वायु सेना के दो अधिकारी JWO डी एस मराठे और SGT ए शुक्ला ने भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु बनकर देश सेवा करने के बारे में विद्यार्थियों को उचित जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 6 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक विद्यार्थी अग्निवीर वायु पद के लिए www.agniveervayu.cdac.in इस वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिसके लिए विद्यार्थी 50% अंकों के साथ 12वीं पास हो एवं 17.5 से 22 साल तक की उम्र, न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी और वह अविवाहित पुरुष या महिला उम्मीदवार हो सकते हैं।विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने काफी उत्साह के साथ जानकारी प्राप्त की और सेना में भर्ती होने के प्रति उनका उत्साह देखने लायक था।
कार्यक्रम के दौरान जिला रोजगार अधिकारी श्री बी एस मीना ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह निर्धारित दिवस चौथे बुधवार को रोजगार एवं स्वरोजगार योजना की जानकारी देने के लिए युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिसमें निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा रोजगार,कौशल विकास की जानकारी और स्वरोजगार से लाभान्वित किया जाता है। आप सभी उसका लाभ उठाएं। लीड बैंक मैनेजर श्री अजय सिंह राजपूत द्वारा साइबर फ्राड, बीमा योजनाओ,ATM का सुरक्षित उपयोग सहित बैंकिंग सेवा से संबंधित वित्तीय साक्षरता के संबंध मे जानकारी दी गई।
प्राचार्य आई टी आई गुना सुश्री श्वेता कुशवाह द्वारा कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और आई टी आई में प्रवेश प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय बीनागंज के प्राचार्य सुरेश कुमार गुप्ता सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा
