Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की

 कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की

हाईवे अतिक्रमण हटाने, ब्लैक स्पॉट सुधार एवं वर्षाकालीन तैयारियों के दिए निर्देश



गुना, 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


बैठक के दौरान नेशनल हाईवे पर हो रहे अतिक्रमण पर कलेक्टर श्री कन्याल ने अतिक्रमण हटाने हेतु गठित डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स को सक्रिय रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।


कलेक्टर श्री कन्याल ने नेशनल हाईवे, एमपीआरडीसी, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को वर्षाकाल के पूर्व सड़कों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, संकेतक बोर्डों की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


बैठक में जिले एवं शहर के अंतर्गत चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इन स्थलों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही (रेक्टिफिकेशन) शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


वर्षाकाल में सड़कों एवं हाईवे के किनारे गाय एवं अन्य आवारा पशुओं की उपस्थिति से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ने की बात पर भी विशेष चर्चा हुई। इस संबंध में कलेक्टर श्री कन्याल ने एनएचआई एवं संबंधित एजेंसियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे यातायात सुगम एवं सुरक्षित बना रहे।


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित उपायों को प्राथमिकता से लागू करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.