Type Here to Get Search Results !

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने पारदी समुदाय के बीच पहुंचकर सुनी समस्याएं, दिलाया विश्वास और विकास का संदेश

 *“ नई दिशा अभियान ” के माध्यम से पारदी समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने गुना पुलिस की पहल*


पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने पारदी समुदाय के बीच पहुंचकर सुनी समस्याएं, दिलाया विश्वास और विकास का संदेश


*“सुरक्षित समाज, शिक्षित समुदाय और उज्ज्वल भविष्य” के संकल्प के साथ गुना पुलिस का जनसंपर्क अभियान*



               गुना पुलिस द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षा, सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “नई दिशा अभियान” के अंतर्गत आज दिनांक 10 जून 2026 को धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर चक में पारदी समुदाय के बीच एक विशेष जनसंवाद एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने स्वयं मौजूद रहकर समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना । कार्यक्रम का आयोजन गुना पुलिस प्रशासन द्वारा शिवांगी एजुकेशन एण्ड रूरल डव्हलपमेंट सोसायटी तथा उमंग सोसायटी के सहयोग से किया गया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में पारदी समुदाय के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे ।

               कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने समुदाय के लोगों से खुलकर चर्चा करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद ही एक सुरक्षित एवं विकसित समाज की आधारशिला है ।


               जनसंवाद के दौरान समुदाय के सदस्यों ने अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं एवं सुझावों को भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा गया, जिन्हें पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा प्रमुखता से लेकर जिनका समाधान संबंधित विभागों के समन्वय से कराने का आश्वासन दिया गया ।


               “नई दिशा अभियान” के माध्यम से पारदी समुदाय के बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया । कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा समुदाय को बताया गया कि शिक्षा, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार एवं आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बना सकते हैं । महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई ।


               कार्यक्रम के दौरान पारदी समुदाय के सदस्यों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई । उन्हें आजीविका संवर्धन, कौशल विकास तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया । इसी क्रम में समुदाय की कुछ हितग्राहियों को सिलाई मशीनें भी प्रदान की गईं, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें ।


               कार्यक्रम के दौरान समुदाय के लोगों ने शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्त जीवन अपनाने, बच्चों को विद्यालय भेजने, महिलाओं के सम्मान, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने एवं कभी अपराध न करने का संकल्प लिया । उपस्थित जनसमुदाय ने पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की ।


               गुना पुलिस द्वारा संचालित “नई दिशा अभियान” का उद्देश्य पारदी समुदाय सहित समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना, उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है ।


               गुना पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम से साफ है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक विकास, जनकल्याण और सामुदायिक उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है ।


               इस अवसर पर एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे, धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, झागर चौकी प्रभारी सउनि अनिल कदम एवं पुलिस स्टाफ तथा शिवांगी एजुकेशन एण्ड रूरल डव्हलपमेंट सोसायटी से श्रीमती ममता सिंह, वैभव सिंह, मुसाब सिंह व उमंग सोसायटी से हर्षिल कुमार, अमीन कुरैशी आदि सहित काभी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.