विध्यांचल कॉलोनी में प्राणघातक हमले के मामले में कोतवाली थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही
*प्रकरण के मुख्य आरोपी संतोष किरार को किया गिरफ्तार*
*आरोपी के विरूद्ध पूर्व में हत्या के एक प्रकरण सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 20 आपराधिक मामले हैं, पंजीवद्ध*
*फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कठोर कार्यवाही*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं निर्णायक कार्यवाहियां की जा रही हैं । साथ ही कानून व्यवस्था भंग करने, आमजन में भय का वातावरण निर्मित करने तथा हिंसक अपराधों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा विगत दिनों शहर की विध्यांचल कॉलोनी में हुई प्राणघातक हमले के गंभीर मामले के मुख्य आरोपी संतोष किरार को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 04 जून 2026 को फरियादी नरेश चौकसे उम्र 45 वर्ष निवासी विध्यांचल कॉलोनी गुना ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया था कि आज दिनांक 04 जून 2026 के सुबह वह मंदिर से स्कूटी द्वारा अपने घर लौट रहा था । इसी दौरान वंदना स्कूल के पास गली में संतोष किरार, सूरज किरार, श्रीराम किरार एवं एक अन्य साथी ने उसे रोक लिया । पुरानी रंजिश के चलते संतोष किरार ने उसकी स्कूटी पर लाठी से हमला किया, जिससे वह सड़क पर गिर गया । इसके बाद आरोपियों ने लाठी, पाइप एवं फर्सा जैसे घातक हथियारों से उसकी बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं । घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपीगणों के विरुद्ध गुना कोतवाली में अपराध क्रमांक 269/26 धारा 296(ए), 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । निर्देशों के अनुपालन में गुना कोतवाली थाना पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश हेतु तत्काल अभियान चलाया गया और इस हेतु पुलिस द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ से कार्यवाही करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता आरोपियों की तलाश में सघन दविशें दी गईं । इसमें पुलिस की सतर्कता और प्रभावी रणनीति के परिणाम स्वरूप घटना के मात्र तीसरे दिन ही आज दिनांक 07 जून 2026 को मुख्य आरोपी संतोष पुत्र राधेश्याम किरार उम्र 54 साल निवासी ग्राम गुढ़ा थाना फतेहगढ़ जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आरोपी से प्रकरण में शामिल अन्य फरार एवं अज्ञात आरोपियों के संबंध में पूछताछ उसे माननीय न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है ।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी संतोष किरार एक आदतन अपराधी है । उसके विरुद्ध पूर्व में जिले के थाना फतेहगढ़, कोतवाली, बमोरी, धरनावदा, राघौगढ़ इत्यादि थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, मारपीट, चोरी, अमानत में खयानत, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं ।
गुना पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि रंगदारी, गुंडागर्दी, मारपीट, धमकी एवं कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस तत्पर और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में सउनि हरिचरण मीना, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा एवं आरक्षक हाकिम सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
