Type Here to Get Search Results !

युवा शक्ति को मिला नई दिशा का संदेश : पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों से किया प्रेरणादायी संवाद

 युवा शक्ति को मिला नई दिशा का संदेश : पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों से किया प्रेरणादायी संवाद


*नशामुक्ति, महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*


*मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित*



               गुना पुलिस द्वारा युवा पीढ़ी को जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के उद्देश्य से निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 18 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा गुना के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-2 में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शनात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।


*विद्यार्थियों को दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश :-*


               अपने प्रेरक उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों को भविष्य का कर्णधार बताते हुए जीवन में अनुशासन, नैतिकता एवं सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवाओं को सही दिशा एवं उचित मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं ।


*नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प :-*


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने विद्यार्थियों को ड्रग्स, शराब, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सीख देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया । उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया ।


*महिला सम्मान और सुरक्षा को बताया समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी :-*


               संवाद के दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति के महान संदेश “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का उल्लेख करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया । उन्होंने विद्यार्थियों से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया ।


*साइबर सुरक्षा, सफलता और करियर पर विद्यार्थियों से खुला संवाद :-*


               कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से बचाव, जीवन में लक्ष्य निर्धारण, सफलता प्राप्त करने के उपाय, पुलिस सेवा की चुनौतियों एवं व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे । पुलिस अधीक्षक ने अपने अनुभवों एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया । उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति नई सोच, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हुई ।


*मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान :-*


               इस अवसर पर कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया । सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया ।


*यातायात प्रभारी ने दिए सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश :-*


               कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की । उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान चली जाती है, जिनमें युवाओं की संख्या भी काफी अधिक होती है । उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया । उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी भी है ।


*सुरक्षित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज निर्माण का लिया संकल्प :-*


               कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा, नैतिक मूल्यों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए एक सुरक्षित, स्वस्थ, जिम्मेदार एवं आदर्श समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया ।


               कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा । सभी ने इस प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.