Type Here to Get Search Results !

जामनेर थाना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही

 जामनेर थाना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही


*अमानत में खयानत कर लाखों रुपये के खाद्य तेल गबन के आरोपी महज 05 दिवस में गिरफ्तार*


*मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए गबन किये संपूर्ण माल सहित करीब 10.50 लाख का मशरूका बरामद*



          गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में धोखाधड़ी एवं संपत्ति संबंधी अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही लगातार जारी है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय और प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा एवं उनकी टीम द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की गई है, जिसमें आरोन के व्‍यापारी के करीब साढ़े छ: लाख रूपये मूल्य के खाद्य तेल का गबन कर अमानत में खयानत करने वाले मुख्य आरोपी सहित दो आरोपी गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से प्रकरण में गबन किए गये संपूर्ण माल सहित करीब 10.50 लाख रूपये मूल्य का मशरूका जप्त किया गया है । 


            उल्लेखनीय है कि दिनांक 12 जून 2026 को फरियादी नीतेश जैन निवासी गुलाबगंज आरोन जिला गुना के द्वारा जामनेर थाने में एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसमें बताया गया था कि आरोन में उनकी "रमेशचन्द्र राकेश कुमार जैन" के नाम से फर्म है, उनके द्वारा उज्जैन से लगभग 6,48,139 रुपये मूल्य का एव्ही कंपनी का सोयाबीन तेल खरीदा गया था । खरीदे गए खद्य तेल के कुल 294 नग (केन, पाउच एवं बाल्टियां) को दिनांक 09 जून 2026 को उज्जैन से पिकअप वाहन क्रमांक MP08 GA 2986 में लोड कर चालक राहुल माली निवासी ग्राम बापचा थाना जामनेर के द्वारा आरोन लाया जा रहा था । परंतु चालक राहुल माली आरोन माल लेकर नहीं पहुंचा । उसने रास्ते में वाहन के टायर फटने का बहाना बनाकर फरियादी को गुमराह किया तथा बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया ।


               जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी माल सहित फरार हो गया तथा माल को हड़पने की नीयत से उसे कहीं खपा दिया । शिकायत की जांच उपरांत जामनेर थाने में आरोपी के विरुद्ध अप.क्र. 100/26 धारा 316(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।


               प्रकरण को गंभीरता से लेकर जामनेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की । पुलिस की सक्रियता का परिणाम रहा कि महज 05 दिवस के भीतर ही दिनांक 17 जून 2026 को आरोपी चालक राहुल पुत्र किशनलाल सेनी (माली) उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम बापचा थाना जामनेर को अभिरक्षा में लिया गया ।


            पूछताछ में आरोपी राहुल माली ने उक्त खाद्य तेल को गायब करने में उसके साथ प्यारेलाल मोंगिया निवासी जामनेर के भी शामिल होना बताया । इसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल माली की निशादेही से एव्ही कंपनी के सोयाबीन तेल के कुल 262 नग केन, पाउच एवं बाल्टियां, जिनकी अनुमानित कीमत 5,47,697 रुपये है, बरामद की गईं । इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त लोडिंग पिकअप वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया ।


               तदोपरांत पुलिस द्वारा दूसरे फरार आरोपी प्यारेलाल की तलाश की गई और दिनांक 18 जून 2026 को आरोपी प्यारेलाल पुत्र गोपीलाल मोगिया उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम जामनेर को भी अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से एव्ही कंपनी के सोयाबीन तेल के 32 नग केन, पाउच एवं बाल्टियां, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 65,378 रुपये है, को बरामद किया गया ।


               इस प्रकार पुलिस द्वारा प्रकरण में दोंनो आरोपी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन किए गए संपूर्ण माल कीमती करीबन 6.50 लाख रूपये एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन कीमती 04 लाख रूपये सहित कुल करीबन 10.50 लाख रूपये मूल्य का मशरूका जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध विधि अनुसार कार्यवाही की गई ।


               जामनेर थाना पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, प्रधान आरक्षक राहुल भदौरिया, प्रधान आरक्षक महेन्द्र मीना, आरक्षक गजेन्द्र गुर्जर, आरक्षक पंजाब गुर्जर, एवं आरक्षक सुनील सूर्यवंशी की विशेष भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस आमजन को विश्वास दिलाती है कि संपत्ति संबंधी अपराधों सहित सभी श्रेणी के अपराधियों के विरुद्ध गुना पुलिस द्वारा कठोरतम वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.