Type Here to Get Search Results !

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना लोकतंत्र की हत्या : डॉ. मनोज यादव

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना लोकतंत्र की हत्या : डॉ. मनोज यादव


 "भाजपा अब भारतीय झूठ पार्टी बन चुकी है"



भोपाल।


कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है और अब वह "भारतीय जनता पार्टी" नहीं बल्कि "भारतीय झूठ पार्टी" बन चुकी है। डॉ. मनोज यादव ने कहा कि भाजपा लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पर्याप्त एवं न्यायसंगत कारण के कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। इस प्रकार की कार्रवाई लोकतंत्र की आत्मा को आहत करने वाली है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव द्वारा चुनाव आयोग को प्रतीकात्मक रूप से कफन भेंट किए जाने के कदम को उचित बताते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए इस प्रकार के प्रतीकात्मक विरोध आवश्यक हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसका जनता से कोई सरोकार नहीं रह गया है और वह केवल झूठ तथा सत्ता के दुरुपयोग के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा को देश की जनता आगामी चुनावों में सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने मांग की कि जिन अधिकारियों ने बिना पर्याप्त कारण के मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किया है, उनके विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तत्काल बहाल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप पुनः मतदान कराया जाए।डॉ. मनोज यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर किसी भी प्रकार के हमले का पुरजोर विरोध करेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.