Type Here to Get Search Results !

खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

मंडी विकास एवं अधोसंरचना संबंधी विषयों पर व्यापारियों के साथ की बैठक


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने नानाखेड़ी स्थित खाद गोदाम का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसानों को बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद प्राप्त करने आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर श्री कन्याल ने खाद वितरण केंद्र पर किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कतार व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए बैरिकेडिंग लगाने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और वितरण प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यवस्थाएं बेहतर होना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि कई बार एक ही परिवार के स्थान पर अन्य व्यक्ति खाद लेने पहुंच जाते हैं तथा ओटीपी संबंधित प्रक्रिया के दौरान मोबाइल धारक से संपर्क करने में समय लगने के कारण कतार प्रभावित होती है। इस पर कलेक्टर ने किसानों से आग्रह किया कि जिस किसान के नाम पर खाद आवंटित है, वह स्वयं केंद्र पर आए अथवा संबंधित मोबाइल साथ लेकर आए। साथ ही ओटीपी प्रक्रिया की जानकारी पहले से सुनिश्चित करें, ताकि वितरण में अनावश्यक विलंब न हो और अन्य किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े।


कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसान निर्धारित तिथि एवं स्लॉट के अनुसार ही खाद प्राप्त करने आएं। उन्होंने बताया कि कई बार आगामी दिनों के टोकनधारी किसान भी पूर्व निर्धारित तिथि से पहले केंद्र पर पहुंच जाते हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ती है और व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने निर्धारित दिवस पर ही खाद प्राप्त करने आएं, जिससे सभी किसानों को समय पर सुविधा मिल सके। उन्होंने खाद गोदाम परिसर में किसानों के लिए छाया, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को उनके नंबर की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए माइक एवं घोषणा प्रणाली स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अब किसानों को नाम पुकारकर बुलाया जाएगा, जिससे वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।

कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत जिले में खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 300 किसानों को खाद उपलब्ध कराया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 500 किसानों तक करने का निर्णय लिया गया है। इससे अधिक किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगा और प्रतीक्षा अवधि भी कम होगी। उन्होंने किसानों को खाद की निर्धारित दरों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि शासन द्वारा तय मूल्य के अनुसार ही भुगतान लिया जाएगा तथा संबंधित पर्ची के आधार पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ खाद वितरण किया जाएगा।


मंडी विकास के लिए नई भूमि चयन प्रक्रिया पर चर्चा

निरीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने मंडी कार्यालय गुना में व्यापारी संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मंडी विकास एवं अधोसंरचना संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में रवि एवं खरीफ विपणन सीजन के दौरान कृषि उपज लेकर आने वाले किसानों और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बिलोनिया क्षेत्र में नवीन मंडी प्रांगण हेतु भूमि चयन पर योजना बनाकर सभी के सुझाव प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पर काम करने के लिए कहा। 

बैठक में ए.बी. रोड पर वर्षा जल निकासी के लिए नाला एवं पुलिया निर्माण कार्य में जनसहयोग के माध्यम से सहयोग राशि उपलब्ध कराने के संबंध में भी व्यापारियों को अवगत कराया गया। व्यापारियों द्वारा मंडी स्थित दुकानों एवं गोदामों की लीज तथा किराया अवधि नवीनीकरण संबंधी विषय पर कलेक्टर ने समस्याओं के समाधान हेतु पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टेकरी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया।


निरीक्षण एवं बैठक के दौरान एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डे, तहसीलदार गुना श्री जी.एस. बैरवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.