गुना में गुलाब क्रांति की मजबूत नींव: पॉलीहाउस एवं आधुनिक गुलाब उत्पादन पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन में जिले में उच्च मूल्य उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने तथा गुना को गुणवत्तापूर्ण गुलाब उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में उद्यानिकी विभाग गुना द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट में पॉलीहाउस एवं गुलाब की उन्नत खेती पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में राजगढ़ से आए विषय विशेषज्ञ श्री आशुतोष पाटीदार ने पॉलीहाउस में गुलाब उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बेड निर्माण, पौधरोपण, सिंचाई प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, जैविक एवं प्राकृतिक विधियों से फसल संरक्षण तथा पोषक तत्व प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं पर किसानों का मार्गदर्शन किया।
उपसंचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार ने पॉलीहाउस निर्माण से लेकर गुलाब उत्पादन, कटाई उपरांत प्रबंधन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन तक की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य सुधार एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए जीवामृत, माइकोराइजा, ट्राइकोडर्मा, वॉटर सॉल्युबल फर्टिलाइजर तथा अन्य जैविक एवं वैज्ञानिक तकनीकों के समुचित उपयोग पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में पॉलीहाउस के प्रगतिशील कृषक श्री अनिमेष श्रीवास्तव ने अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों को संरक्षित खेती के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों एवं उनके व्यावहारिक समाधानों से अवगत कराया।
श्री किरार ने बताया कि किसानों के कौशल विकास एवं आधुनिक तकनीकों के प्रसार के लिए आगामी समय में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिले में 100 एकड़ क्षेत्र में नवीन पॉलीहाउस निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा गुलाब उत्पादन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
