*नशे के विरूद्ध गुना पुलिस का कड़ा प्रहार*
मृगवास थाना पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही
*राजस्थान तरफ से स्मैक तस्करी करते अंतर्राज्यीय नशा तस्कर पति-पत्नि किए गिरफ्तार*
*51 ग्राम से भी अधिक स्मैक व तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल करीब 06 लाख का माल मशरूका हुआ बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्यवाहियां की जा रही हैं । गुना पुलिस का यह सतत अभियान समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर सक्रिय है ।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव और उनकी टीम द्वारा सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए राजस्थान तरफ से स्मैक तस्करी करते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्कर पति-पत्नि गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 06 लाख रूपये मूल्य का मशरूका बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि दिनांक 04-05 जून 2026 की दरम्यानी रात मृगवास थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजस्थान तरफ से हीरो स्प्लेण्डर मोटर सायकिल क्रमांक RJ28 SZ 8069 पर एक महिला-पुरूष नशीला पदार्थ स्मैक लेकर सानई-कुम्भराज के रास्ते मधूसूदनगढ़ तरफ जाने वाले हैं । थाना क्षेत्र से स्मैक तस्करी की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तस्करों की धरपकड़ हेतु तत्काल मृगवास थाने से पुलिस की एक टीम रवाना की गई । टीम द्वारा बिना कोई देरी किए तुरंत रास्ते के ग्राम बंजारीकला पठार पहुंचकर नाकाबंदी की गई एवं कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिया अनुसार मोटर सायकिल पर महिला-पुरूष के आने पर पुलिस टीम द्वारा उन्हें घेराबंदी कर रोक लिया गया, पूछताछ पर उनके द्वारा अपने नाम राकेश पुत्र रंगलाल मीना उम्र 33 साल एवं पायल पत्नि राकेश मीना उम्र 33 साल निवासीगण ग्राम पाटड़ी थाना हर्नावदा जिला बांरा राजस्थान के बताये एवं दोंनो का आपस में पति-पत्नि होना बताया । मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 51.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई ।
आरोपियों से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत 5.10 लाख रुपये एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल कीमती लगभग 90 हजार रुपये सहित कुल कीमती 06 लाख रुपये मूल्य का मसरुका विधिवत जप्त कर आरोपी पति-पत्नि को गिरफ्तार किया गया और जिनके विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । आरोपियों के स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है ।
नशे के विरूद्ध मृगवास थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि केदार सिंह, सउनि राजेश भिलाला, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक सोहन अनारे, आरक्षक नीरज धाकड़, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक राकेश बाथम, आरक्षक विकाश राठौर, आरक्षक जितेन्द्र यादव एवं महिला आरक्षक सीता शर्मा व महिला आरक्षक सोनू डावर का विशेष योगदान रहा है ।
