सूचनाओं का आज भी सबसे भरोसेमंद और सशक्त माध्यम है आकाशवाणी : कलेक्टर श्री कन्याल
आकाशवाणी गुना की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए कलेक्टर, जनसंचार और लोकहितकारी प्रसारण की सराहना
वार्ता के माध्यम से दी जनउपयोगी जानकारी
गुना,
तकनीक और सोशल मीडिया के तेजी से बढ़ते दौर में भी आकाशवाणी अपनी विश्वसनीयता, सटीकता और जनसरोकारों से जुड़े प्रसारणों के कारण लोगों के बीच विशेष स्थान बनाए हुए है। यह विचार कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जेल रोड स्थित आकाशवाणी गुना के भ्रमण के दौरान व्यक्त किए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि आकाशवाणी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने और जनहितकारी संदेशों के प्रसार का एक प्रभावशाली मंच है। उन्होंने आकाशवाणी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों तक उपयोगी सूचनाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर आकाशवाणी गुना के असिस्टेंट डायरेक्टर (प्रोग्राम) श्री राजकुमार कौशल ने आकाशवाणी गुना की कार्यप्रणाली, प्रसारित कार्यक्रमों तथा विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र से प्रतिदिन प्रातः एवं सांध्यकालीन सभाओं, स्थानीय कार्यक्रमों, कृषक हितैषी ‘किसानवाणी, युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रमों तथा विविध भारती के लोकप्रिय प्रसारणों का संचालन किया जाता है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रोताओं को मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक और उपयोगी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है।
श्री कौशल ने बताया कि डिजिटल युग में आकाशवाणी गुना सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी पहुंच लगातार बढ़ा रहा है। आज देश के विभिन्न राज्यों से श्रोता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए गीतों की फरमाइश भेज रहे हैं, जो आकाशवाणी की बढ़ती लोकप्रियता और व्यापक स्वीकार्यता का प्रमाण है।
भ्रमण के दौरान समुन्देशिति श्रीमती रानी कुशवाह एवं श्री रोहित गोस्वामी ने कलेक्टर श्री कन्याल को ड्यूटी रूम, रिकॉर्डिंग स्टूडियो तथा कार्यक्रम निर्माण एवं प्रसारण की तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने प्रसारण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए आकाशवाणी परिवार के कार्यों की प्रशंसा की और जनहित में इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। भ्रमण के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा रेडियो के माध्यम से वार्ता कर जैविक खेती, नरवाई प्रबंधन, जिले में हो रहे नवाचार आदि के संबंध में अपने विचार रखें। आज इस अवसर पर आकाशवाणी का इंजीनियरिंग एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा।
