Type Here to Get Search Results !

गुना कोतवाली पुलिस द्वारा एक महिला सहित 02 पारदी स्थायी वारंटी किए गिरफ्तार

 *फरार पारदी बदमाशों के विरुद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान निरंतर जारी*


गुना कोतवाली पुलिस द्वारा एक महिला सहित 02 पारदी स्थायी वारंटी किए गिरफ्तार


*सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में वारंटी आसिफ पारदी की गिरफ्तारी पर घोषित था दो हजार रुपये का इनाम*



               पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी निर्वहन कर रही है । इसी उद्देश्य से पारदी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए "नई दिशा" अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति एवं सामाजिक पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । वहीं दूसरी ओर न्यायालयीन कार्यवाही से फरार, आदतन अपराधियों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पारदी बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है ।


               इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में फरार पारदी बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा एवं विशेष टीम ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए एक महिला सहित दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है । इनमें एक आरोपी सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 2,000/-रुपये का इनाम घोषित किया गया था ।


               उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में आरोपिया कुशबाई पत्नी गजराज पारदी निवासी ग्राम खेजराचक थाना धरनावदा के विरुद्ध कैंट थाने में धारा 323, 341, 506, 34 भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था । न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार अनुपस्थित रहने पर माननीय न्यायालय द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 478/18 में उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था ।


               इसी प्रकार आरोपी आसिफ पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा के विरुद्ध वर्ष 2019 में गुना कोतवाली में अपराध धारा 147, 148, 341, 323, 294, 506 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था । इस मामले में भी आरोपी लगातार फरार रहने पर न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 2064/19 में उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया । इसके अतिरिक्त वर्ष 2020 में आरोपी के विरुद्ध गुना कोतवाली में दर्ज अप.क्र. 698/20 में धारा 376-डी, 343, 394 एवं 498-ए भादवि के गंभीर प्रकरण में भी वह घटना दिनांक से फरार चल रहा था । उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक गुना द्वारा 2,000/- रुपये का इनाम घोषित किया गया था ।


               विशेष अभियान के दौरान गुना पुलिस ने फरार पारदी आरोपियों, वारंटियों एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों की तलाश तेज करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी । इसी दौरान गत दिनांक 25 जुलाई 2026 को प्राप्त अलग-अलग मुखबिर सूचनाओं के आधार पर गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित एवं सुनियोजित कार्यवाही करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दोनों स्थायी वारंटियों कुशबाई पत्नी गजराज पारदी उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम खेजराचक थाना धरनावदा तथा आसिफ पुत्र विनोद पारदी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम बीलाखेड़ी हाल हड्डीमील, गुना को गिरफ्तार कर लिया । विधिवत वैधानिक कार्यवाही के उपरांत दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।


               इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में गुना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सतीश सरवैया, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक दिलीप सेन, आरक्षक श्रीकांत व्यास, आरक्षक महेन्द्र जाटव, आरक्षक कपिल व्यास, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, महिला आरक्षक रश्मि सेन, महिला आरक्षक पूजा राजपूत एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक एवं आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति को "नई दिशा" अभियान के माध्यम से हरसंभव सहयोग एवं पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे । वहीं, जो व्यक्ति कानून की अवहेलना करेंगे, न्यायालयीन कार्यवाही से फरार रहेंगे अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.