Type Here to Get Search Results !

"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान बना जन-जन की आवाज

 "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान बना जन-जन की आवाज


*अभियान के 12वें दिवस गुना पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, हाट-बाजारों, बस स्टॉप आदि पर चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान*



               पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिलेभर में के अंतर्गत आज दिनांक 26 जुलाई 2026 को अभियान के 12वें दिवस गुना पुलिस द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया । अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, हाट-बाजारों, प्रमुख मार्केट क्षेत्रों, बस स्टॉप सहित विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया ।


               जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणजनों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार अथवा नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके ।


               अभियान के अंतर्गत थाना विजयपुर थाना पुलिस द्वारा गेल सब्जी मार्केट, जामनेर थाना पुलिस द्वारा ग्राम ढाढोन्या, थाना बजरंगगढ़ पुलिस द्वारा ग्राम गडलागिर्द, थाना सिरसी पुलिस द्वारा कस्बा सिरसी, थाना आरोन पुलिस द्वारा कस्बा एवं बसस्टेंड आरोन, थाना बमोरी पुलिस द्वारा कस्बा बमौरी, थाना मधुसूदनगढ पुलिस द्वारा कस्बे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।


               गुना पुलिस द्वारा संचालित यह अभियान लगातार जनसहभागिता प्राप्त कर रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्ति के इस जनआंदोलन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का प्रभावी क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि जागरूकता एवं सहभागिता के माध्यम से युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण करना भी है ।


               "नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ। आइए, मिलकर नशामुक्त गुना और नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लें ।"

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.