"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान बना जन-जन की आवाज
*अभियान के 13वें दिवस गुना पुलिस ने विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों एवं प्रमुख बाजारों में चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान*
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित राज्यव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को अभियान के 13वें दिवस जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों, प्रमुख बाजारों, बस स्टॉप तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया ।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं ग्रामीणजनों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया । साथ ही यह भी अपील की गई कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी अथवा नशे से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके ।
अभियान के तहत यातायात थाना पुलिस द्वारा आर.एन. कॉन्वेंट स्कूल, गुना, विजयपुर थाना पुलिस द्वारा पालिका बाजार, राघौगढ़ थाना पुलिस द्वारा कस्बा राघौगढ़, जामनेर थाना पुलिस द्वारा जामनेर कस्बा, सिरसी थाना पुलिस द्वारा ग्राम उदयपुरी छात्रावास, बमौरी थाना पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बमौरी, आरोन थाना पुलिस द्वारा रतन पब्लिक स्कूल तथा मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा मधुसूदनगढ़ कस्बे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में उपस्थित विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे की लत से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ।
गुना पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान निरंतर जनसहभागिता प्राप्त कर रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्ति के इस जनआंदोलन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । गुना पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का प्रभावी क्रियान्वयन करना ही नहीं, बल्कि जागरूकता, संवाद और जनसहभागिता के माध्यम से विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण करना भी है ।
